परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लगाया लापरवाही का आरोप, देर रात सहमति के बाद मामला शांत
न्यूज़ चक्र, कोटपूतली। शहर के संजीवनी अस्पताल में प्रसूता की मौत के बाद शनिवार देर रात हालात तनावपूर्ण हो गए। मौत से आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर उपचार में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। विवाद बढ़ने की सूचना पर पुलिस को मौके पर पहुंचना पड़ा और आधी रात को अस्पताल परिसर पुलिस छावनी में तब्दील नजर आया।

बताया जा रहा है कि प्रसूता की मौत के बाद परिजन अस्पताल प्रबंधन से जवाब मांग रहे थे। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच मुआवजे को लेकर भी बातचीत शुरू हुई। मामला देर रात तक उलझा रहा और अस्पताल परिसर में भारी तनाव की स्थिति बनी रही।
आधी रात बाद परिजनों और अस्पताल प्रबंधन के बीच सहमति बनने के बाद विवाद शांत हुआ। इसके बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कहीं कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई।
सूत्रों के अनुसार, मामले में ‘मौताणा’ लेकर समझौता होने की चर्चा है, हालांकि राशि की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस अथवा संबंधित पक्षों की ओर से भी समझौते की राशि को लेकर कोई अधिकृत बयान सामने नहीं आया है।
फिलहाल प्रसूता की मौत के कारणों और परिजनों द्वारा लगाए गए लापरवाही के आरोपों की स्वतंत्र आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। शिकायत दर्ज नहीं होने के कारण मामले में आगे किसी कानूनी कार्रवाई की जानकारी भी सामने नहीं आई है।

देर रात तक मौके पर कोटपूतली डीवाईएसपी मदन जैफ सहित करीब चार थानों का पुलिस जाता तैनात रहा। इधर चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े लोगों ने मौताणा प्रथा को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है और कहा है कि इससे क्षेत्र में चिकित्सा सेवाओं पर भी असर पड़ेगा।