पावटा (राजेश कुमार हाडिया)। उपखंड क्षेत्र के ग्राम रूपपुरा (ढाणी तिलाई, फतेहपुरा खुर्द) में आयोजित श्री शिव परिवार मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा एवं स्व. श्रीमती नन्छी देवी व श्री बोदूराम गौरसी की स्मृति में मूर्ति अनावरण समारोह गुरुवार को श्रद्धा, आस्था और भव्यता के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में राजस्थान सरकार के गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढ़म की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन को विशेष महत्व प्रदान किया।

गृह राज्यमंत्री बेढ़म ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज को आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान करते हैं और हमारी सनातन संस्कृति, परंपराओं एवं सामाजिक मूल्यों को मजबूत करते हैं। उन्होंने इस पावन अवसर पर मूर्तियों का अनावरण कर दिवंगत आत्माओं को श्रद्धापूर्वक नमन किया और आयोजन की सराहना की।

समारोह में संत-महात्माओं का सानिध्य भी विशेष आकर्षण रहा। श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर आचार्य बलदेव दास जी महाराज, श्री श्री 1008 रामदास जी महाराज एवं श्री श्री 1008 मंगलदास जी महाराज ने अपने आशीर्वचनों में धर्म, भक्ति और मानव सेवा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए श्रद्धालुओं को प्रेरित किया।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेश बादलीवाल एवं भाजपा नेता गोपाल अग्रवाल ने स्व. बोदूराम गौरसी एवं श्रीमती नन्छी देवी के सामाजिक योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। गोपाल अग्रवाल ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में एकता, संस्कार और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं तथा नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ते हैं।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में आयोजक प्रकाश गौरसी एवं रामावतार गौरसी की भूमिका विशेष रूप से सराहनीय रही। दोनों आयोजकों ने पूरे आयोजन को भव्य और सुव्यवस्थित रूप देने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने सभी अतिथियों, संतों एवं श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए इसे जनसहभागिता का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी कार्यक्रम में रंग भर दिए। लोक कलाकार नरदेव बेनीवाल एंड पार्टी, मंजू चौधरी (दिल्ली), डांसर संजना चौधरी (दिल्ली), सोनू शर्मा वृजवासी, रोहिताश दायमा एवं डांसर मनीषा मरजाणी ने अपनी प्रस्तुतियों से माहौल को भक्तिमय और उत्साहपूर्ण बना दिया।

इस अवसर पर भाजपा ओबीसी मोर्चा के पूर्व प्रदेश महामंत्री एडवोकेट हीरालाल रावत, अलवर जिला महामंत्री रमेश रावत, उपप्रधान प्रतिनिधि एडवोकेट राजेन्द्र रहीसा, कांग्रेस नेता रामनिवास यादव, मंडल अध्यक्ष राजेंद्र भौनावास, हरीद्वारी लाल स्वामी, धर्मसिंह भैंसलाना सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

पूरे आयोजन के दौरान क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा और श्रद्धालुओं ने धर्म, आस्था एवं एकता का अद्भुत संगम देखने को मिला।



